लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से लेकर तेज बारिश का दौर जारी है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को 35 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. वहीं कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार अररिया, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, भोजपुर, बक्सर, गया, नवादा, बेगूसराय, मधेपुरा, समस्तीपुर, वैशाली और पश्चिम चंपारण समेत कुल 35 जिलों में अलग-अलग समय पर भारी बारिश हो सकती है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है.
बारिश के साथ कई जिलों में गरज-चमक की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिर सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. कुछ इलाकों में 40 KMPH की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान है.
