लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के ब्राह्मणटोली में संदिग्ध परिस्थितियों में सॉफ्टवेयर का कार्य करने वाले एक शख्स की मौत हो गई। मृतक का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मृतक शख्स की पहचान 45 वर्षीय मनीष कुमार सिसका के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खगड़िया जिले के जमालपुर के रहने वाले थे। वह पेशे से सॉफ्टवेयर का काम करते थे। वह करीब 20 वर्षों से किराए के कमरे में रह रहे थे। मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीत्कार मच गया। घटना की सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
मृतक के बड़े भाई बबलू सिसका ने कहा कि उनका पूरा परिवार पिछले करीब 40 वर्षों से मुजफ्फरपुर शहर के अलग-अलग मोहल्लों में किराए के मकान में रह रहा है। उनका भाई सॉफ्टवेयर का काम करता था, जबकि वह स्वयं सूतापट्टी इलाके में कपड़े का कारोबार करते हैं। घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है।
