लाइव सिटीज, पटना: नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान कथित गोलीबारी की घटना पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने फिर चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों को जल्द रिहा नहीं किया गया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो बिहार में बड़ा आंदोलन होगा.
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार छात्रों के साथ अन्याय कर रही है. उन्होंने कहा कि यदि आज रात तक गिरफ्तार छात्रों की रिहाई नहीं हुई और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो आरजेडी राज्यभर में बड़ा आंदोलन शुरू करेगा.
उन्होंने कहा, “बिहार की धरती क्रांति और बदलाव की धरती है. छात्रों को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रीय जनता दल पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा. बाद में सरकार यह न कहे कि हमने पहले से चेतावनी नहीं दी थी.
बिहार सरकार पर छात्रों के साथ सख्ती बरतने का उन्होंने आरोप लगाया. कहा कि निर्दोष छात्रों पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि जिन छात्रों को गोली लगी है, उनके मामले में जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि गोली थोड़ा भी इधर-उधर लग जाती और किसी छात्र की जान चली जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती.
