लाइव सिटीज, पटना: बिहार में आज मौसम विभाग की तरफ से 26 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. सोमवार को ही कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट लिया. पटना समेत कई जिलों में काले बादल छाए और हल्की बारिश भी दर्ज की गई. लेकिन लोगों को उमस वाली गर्मी से कुछ खास राहत नहीं मिल सकी.
मौसम विभाग ने जिन 26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, बक्सर, भोजपुर, पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, लखीसराय, शेखपुरा, गया, नवादा, कैमूर, औरंगाबाद और रोहतास शामिल है. बिगड़े मौसम में लोगों से सावधान रहने की भी अपील की गई है.
इसके अलावा सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है. बिहार के 5 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग की माने तो, तेज आंधी तूफान के साथ पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा और वैशाली जिले में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
