लाइव सिटीज, बेगूसराय: बेगूसराय जिले मे दो कारों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई. सिघौंल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास हुए इस हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं दोनों वाहनों में सवार करीब नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान ऋषभ कुमार (26), सन्नी कुमार (24) और हिमांशु कुमार (22) के रूप में हुई है. यह सभी पोखरिया निवासी थे. घायलों में रुपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. सभी पीड़ितों का इलाज बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
पोखरिया गांव के छह युवक स्कॉर्पियो कार से गंगा स्नान करने सिमरिया घाट जा रहे थे. ग्रामीणों के अनुसार गंगा स्नान पूरा करने के बाद सभी दोस्तों का जन्मदिन मनाने की योजना थी. इसी दौरान अंग्रेजी ढाला के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई.
हादसे का शिकार हुई दूसरी स्कॉर्पियो गाड़ी में कुल छह लोग सवार थे. विकास, राजा, प्रियांशु, लक्ष्मण, प्रिंस और ज्योतिष नामक यह सभी युवक घायल हो गए हैं. यह सभी लोग बखरी थाना क्षेत्र से विनोदपुर बारात जा रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए.
