लाइव सिटीज, पटना: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के सुप्रीमो मुकेश सहनी से जुड़ी खबर है. पुलिस ने उन्हें ‘हाउस अरेस्ट’ कर लिया है. साथ ही शाहजहांपुर जाने पर पाबंदी लगाने पर उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है. मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं. मुकेश सहनी ने कहा, उन्हें शाहजहांपुर और अन्य जनपदों के प्रस्तावित दौरे से रोकना यह ‘अघोषित आपातकाल’ जैसी स्थिति को दर्शाता है.
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के लेटर के आधार पर यह निर्देश दिया गया कि मुकेश सहनी के जनपद भ्रमण से ‘कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका’ है, जिसके चलते उन्हें लखनऊ में ही रोके जाने की बात कही गई है और उनके आवागमन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए वीआईपी प्रमुख ने कहा कि सरकार जनता के चुने हुए और जनहित में कार्य करने वाले नेताओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है और सरकार असहमति की आवाजों से भयभीत है.
मुकेश सहनी ने कहा, सरकार अब लोगों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा रही है, जो सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला है. यदि किसी जनप्रतिनिधि को अपने कार्यक्रम में जाने से रोका जाता है तो यह स्पष्ट करता है कि सरकार चर्चा और संवाद से भाग रही है.
उन्होंने आगे कहा कि निषाद समाज के हक, अधिकार और आरक्षण की लड़ाई को रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इससे आंदोलन कमजोर नहीं होगा. निषाद समाज अब जाग चुका है और अपने सम्मान और अधिकारों की लड़ाई आखिरी दम तक लड़ेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्रवाई से जनता में असंतोष बढ़ेगा और पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी.
