लाइव सिटीज, पटना: पटना मेडिकल कॉलेज (PMC) के प्रिंसिपल को हटाए जाने के फैसले के बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की कार्यशैली चर्चा में है।इस बीच जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने उनकी खुलकर सराहना की है। कहा कि निशांत कुमार बोलने से ज्यादा काम करने में विश्वास रखते हैं। वे स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा में काम कर रहे हैं।
संजय झा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की कार्यशैली पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच से मेल खाती है।उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा कहते रहे हैं कि हमारा काम बोले, और निशांत कुमार भी उसी सोच के साथ विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की प्राथमिकता है कि लोगों को बेहतर इलाज के लिए हर छोटी-बड़ी बीमारी में पटना का रुख न करना पड़े।
इसके लिए प्रखंड और जिला स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में हाईवे पर होने वाले हादसे तथा ट्रॉमा सेंटरों की आवश्यकता पर गंभीर चर्चा हुई।
