HomeBiharबिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार, दूसरे के...

बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार, दूसरे के बदले देने आए थे एग्जाम

लाइव सिटीज, सीवान: सिवान जिले से सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है. 17 जून को केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित परीक्षा में दो फर्जी अभ्यर्थियों को पुलिस टीम और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से गिरफ्तार किया. दोनों के पास से फर्जी दस्तावेज और एक ही परीक्षा के दो अलग-अलग प्रवेश पत्र बरामद हुए हैं.

गिरफ्तारी सरस्वती शिशु मंदिर परीक्षा केंद्र और दाउद मेमोरियल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर हुई. प्रथम एवं द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखते हुए दोनों अभ्यर्थियों को पकड़ा गया. पूछताछ में उन्होंने अपनी असली पहचान बताई और परीक्षा में धांधली करने की बात स्वीकार की.

गिरफ्तार अभ्यर्थियों में पटना के पीरपुरा थाना के त्रिलोकी कुमार का पुत्र सियाराम कुमार और जहानाबाद के मखदूमपुर थाना निवासी राजेश्वर यादव का पुत्र गौतम कुमार शामिल है. जांच के दौरान दोनों ने कबूल किया कि वे 14 जून 2026 को मोतिहारी और गोपालगंज जिलों में भी इसी सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल हो चुके हैं.

तलाशी के दौरान दोनों अभ्यर्थियों के पास से एक ही परीक्षा के दो अलग-अलग प्रवेश पत्र मिले, जिनमें जन्मतिथि अलग-अलग अंकित थी. पुलिस ने सभी संदिग्ध दस्तावेज जब्त कर लिए हैं. फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परीक्षा में बैठने की कोशिश इन अभ्यर्थियों द्वारा की गई थी.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments