लाइव सिटीज, पटना: बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रोन्नति मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में खुशी का माहौल है. केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने अधिसूचना जारी कर बिहार कैडर के लिए वर्ष 2025 की चयन सूची को मंजूरी दी है. वर्षों तक राज्य प्रशासनिक सेवा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले अधिकारियों को अब देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में स्थान मिला है.
आईएएस में प्रोन्नत किए गए अधिकारियों में सुरेंद्र राय, सुधांशु कुमार चौबे, मृणायक दास, मनोरंजन कुमार, विकास कुमार, डॉ. गगन, अंजनी कुमार, मोहम्मद एजतबा हुसैन, रजनीश कुमार, बिधु भूषण चौधरी, मोहम्मद वसीम अहमद, कृत्यानंद रंजन, मोहम्मद राशिद आलम, इबरार अहमद खान, मनोज कुमार और हेमंत कुमार सिंह शामिल हैं. यह चयन सूची 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच उत्पन्न हुई रिक्तियों के आधार पर तैयार की गई है.
प्रमोशन सूची में सबसे अधिक चर्चा बिधु भूषण चौधरी के नाम की हो रही है. बिहार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार से जुड़े रहे बिधु भूषण चौधरी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. सरकार और जनता के बीच संवाद स्थापित करने में उनकी भूमिका को प्रशासनिक हलकों में काफी अहम माना जाता रहा है. ऐसे में उनका आईएएस कैडर में शामिल होना विशेष रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है.
दरअसल, राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस में पदोन्नति किसी भी अधिकारी के करियर का सबसे बड़ा पड़ाव माना जाता है. इसके लिए अधिकारियों की सेवा अवधि, कार्य निष्पादन, प्रशासनिक दक्षता और समग्र रिकॉर्ड का मूल्यांकन किया जाता है. कई वर्षों तक जिला, अनुमंडल, विभागीय और सचिवालय स्तर पर काम करने के बाद अधिकारियों को यह अवसर मिलता है.
