लाइव सिटीज, पटना: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादवने एक बार फिर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध, बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है लेकिन सरकार शहरों और संस्थानों का नाम बदलने में लगी है.
आरजेडी नेता ने कहा कि सीएम को लगता है कि लालू परिवार से सुरक्षा और बंगला छीन लेने से लोगों को ध्यान भटकाया जा सकता है लेकिन उनको पता होना चाहिए कि युवा और बेरोजगार अगर सड़क पर आ गए तो फिर उनको रोक नहीं पाएंगे.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सम्राट चौधरी को लगता है कि वह राबड़ी देवी का आवास छीन लेंगे और लालू परिवार की सुरक्षा ले लेंगे तो असल मुद्दों पर से लोगों का ध्यान भटक जाएगा लेकिन उनको ये पता होना चाहिए कि ऐसी बातों से सिर्फ दो-चार दिनों के लिए न्यूज बन सकती है, इससे जरूरी और जनहित के मुद्दे दब नहीं जाएंगे.
तेजस्वी यादव ने कहा कि ध्यान भटकाने के लिए सिक्योरिटी ले लो, बंगला ले लो. अरे भैया दो दिन आप न्यूज बना सकते हो इसका, डेली-डेली न्यूज नहीं बनेगा. जनता सड़कों पर जब आ जाएगी, तब क्या करेंगे. कब तक युवाओं को सड़क पर उतरने पर लाठी मरवाएंगे. हवा-हवाई बातों से कुछ नहीं होगा. जनता से किए वादे को पूरा करिये
आरजेडी नेता ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि सम्राट चौधरी आएंगे और दो चार लोगों से काउंटर करवा देंगे. कुछ शहरों के नाम बदल देंगे, कुछ संस्थानों के नाम बदल देंगे, ताकि असली मुद्दों पर बात नहीं होगी. स्वास्थ्य, शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं की हालत बद से बदतर हो गई है. अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं और गरीब मरीज दर भटक रहा है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के बच्चे-बच्चे को पता है कि देश और राज्य की हालत क्या है. उन्होंने कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. भ्रष्टाचार भी अपने चरम पर पहुंच चुका है. नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि आपदा के समय काम आने वाला इमरजेंसी फंड यानी सरकारी कोर्स का पैसा भी सुरक्षित नहीं है और उसमें से भी निकासी हो रही है.
