लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सम्राट चौधरी कैमूर पहुंचेंगे. जानकारी के अनुसार, 16 जून को भभुआ जिले के मुंडेश्वरी धाम में उनका आगमन होगा. उनके संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसे लेकर बुधवार को जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मुंडेश्वरी में एकत्रित हुए और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की.
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री का 16 जून को कैमूर और रोहतास दोनों जिलों का दौरा प्रस्तावित है. निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे पहले कैमूर पहुंचेंगे और उसके बाद रोहतास जिले के लिए प्रस्थान करेंगे.
संभावित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री मुंडेश्वरी धाम पहुंचने के बाद सबसे पहले मां मुंडेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद वे धाम स्थित धर्मशाला परिसर में चल रहे सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे. साथ ही आयोजित सभा को भी संबोधित करेंगे. जिला प्रशासन द्वारा सभा स्थल के चयन के साथ-साथ हेलीपैड निर्माण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है, ताकि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से सीधे मुंडेश्वरी धाम पहुंच सकें.
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला कैमूर दौरा होगा. जिसे जिले के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिले को कई विकास योजनाओं की सौगात दे सकते हैं. इससे पहले समृद्धि यात्रा के दौरान, जब वे उपमुख्यमंत्री के रूप में कैमूर आए थे, तब उन्होंने कैमूर पहाड़ी पर हाई सिक्योरिटी जेल बनाने की घोषणा की थी.
