लाइव सिटीज, अररिया: अररिया में दर्दनाक हादसा हुआ है. जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुसियार गांव के पास एनएच-57 पर एक साइकिल सवार को बचाने में डिवाइडर से टकराकर स्कॉर्पियो ने पलट गया. इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायस हैं. मरने वालों में एक महिला भी शामिल हैं
एक्सीडेंट साइकिल सवार बचाने के चक्कर में हुआ. स्कॉर्पियो सवार ने पहले उस साइकिल सवार को टक्कर मारी, फिर बेकाबू होकर दूसरे लेन में जाकर एक कार से टकराते हुए पलट गई. इस घटना में कार में सवार 4 लोग भी घायल हुए हैं. सातों घायलों को अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के सकमा बिशनपुर गांव के रहने वाले 70 वर्षीय मायानंद झा, 45 वर्षीय गौतम कुमार ठाकुर और 60 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है. शांति और गौतम मां-बेटे थे, जबकि मायानंद गौतम के चाचा थे. इसके अलावे घटना में गैयारी निवासी 25 वर्षीय साइकिल सवार मोहम्मद कोनैन की भी हादसे में जान गई है.
