लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में राज्यभर में चल रही सड़क और पुल परियोजनाओं की प्रगति, मेंटेनेंस और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क और पुल निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और अनुरक्षण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो.
मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय बाधाओं के कारण किसी भी परियोजना की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए.
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी पुलों के नियमित निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की टीम से समय-समय पर पुलों की जांच कराई जाए ताकि किसी भी संभावित खतरे की पहचान समय रहते हो सके. साथ ही सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया.
