लाइव सिटीज , पटना: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन इलाकों में तेज हवा, मेघगर्जन और बारिश की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. तेज हवा के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से खुले स्थानों और खेतों में काम कर रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
मौसम विभाग के अनुसार मिथिलांचल, सीमांचल और पूर्वी बिहार के अधिकांश जिले फिलहाल ग्रीन जोन में हैं. दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया समेत कई जिलों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश या बादल छाने की स्थिति बन सकती है.
