लाइव सिटीज, पटना: मसौढ़ी पुलिस ने एक अपराधी को गोली मारकर घायल कर दिया है. पुलिस ने यह कार्रवाई मसौढ़ी के चरमा मोड़ के पास की. मौके से पिस्टल, देसी कट्टा और एक बाइक बरामद की है. इसके साथ पुलिस ने एक और अपराधी अजय यादव को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस की ओर से मिली जानकारी के आरोपी की पहचान अजय पासवान उर्फ बादल, पिता स्वर्गीय रामप्रवेश के रूप में हुई है, जो पटना के दरवेशपुर मनेर का रहने वाला है. गोली से जख्मी हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी गोपालपुर में 27 लाख लूट मामले में मुख्य सरगना रहा है. इसपर 8 बैंक डकैती, रंगदारी, हत्या समेत कई मामलों में केस दर्ज है. पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी.
13 मई को गोपालपुर थानाक्षेत्र में CMS कंपनी की कैश वैन से अपराधियों ने हथियार के बल पर 27 लाख रुपये की लूट की थी. लूटकांड में शामिल 5 अपराधी बाइक से आये थे. कैश वैन को धमका कर घटना को अंजाम दिया था. इस मामले में पुलिस ने 19 मई को लूटकांड के एक आरोपी नीतीश कुमार को एनकाउंटर में गोली मारकर घायल कर दिया था. इस दौरान लूट की राशि, मोबाइल फोन और हथियार बरामद किया गया था.
