लाइव सिटीज, गया: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन विधायक ज्योति देवी के काफिले पर गया में हुए हमले के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. इस मामले को लेकर अब बयानबाजी तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री मांझी के बाद उनके बेटे और बिहार सरकार में मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सीधे चेतावनी दी है.
संतोष सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सीधे निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि तेजस्वी यादव अपने समर्थकों को मर्यादा में रखें. बिहार अब बदल चुका है और दलित समाज डरने वाला नहीं है.
मंत्री ने कहा कि अगर जीतन राम मांझी के कार्यकर्ताओं को डराने या धमकाने की कोशिश की गई तो उसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में किसी एक जाति की दबंगई का दौर खत्म हो चुका है और अब हर समाज सम्मान और बराबरी के साथ जीना चाहता है.
आपको बता दें कि जानकारी के अनुसार रविवार को विधायक ज्योति देवी मोहनपुर प्रखंड के गंभीरा गांव जा रही थीं. इसी दौरान रास्ता देने को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और तनाव की स्थिति बन गई. आरोप है कि कुछ लोगों ने विधायक के बॉडीगार्ड के साथ हाथापाई की. साथ ही जातिसूचक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया गया है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
