लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सहयोग शिविर’ योजना के तहत मंगलवार से मुजफ्फरपुर जिले की 23 पंचायतों में शिविर की शुरुआत हो गई. भूमि एवं राजस्व मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने इसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार की ऐतिहासिक और जनहितकारी पहल बताया
मंत्री दिलीप जायसवाल ने गरीब स्थान मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड, अनुमंडल और जिला कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. सरकार स्वयं पंचायत स्तर पर पहुंचकर आम लोगों की शिकायतों का समाधान करेगी.
दिलीप जायसवाल ने कहा कि सहयोग शिविर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सोच का परिणाम है, जिसके तहत पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर ऑन-द-स्पॉट शिकायतों का निपटारा किया जाएगा. सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और हर शिकायत का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा.
साथ ही बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने साफ कर दिया है कि 30 दिन के अंदर अगर पदाधिकारी मामलों का निष्पादन नहीं कर पाते हैं तो 31वें दिन वह स्वत: निलंबित माने जाएंगे. ऐसे पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि जिले में पहले चरण के तहत 23 पंचायतों में शिविर लगाए गए हैं.
