लाइव सिटीज, पटना: पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में सोमवार की देर शाम एक किराए के मकान में रह रही इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा का शव संदिग्ध परीस्थिति में मिला. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस की टीम और FSL टीम मौके पर पहुंची. मृतक छात्र की पहचान औरंगाबाद जिला के ओबरा प्रखंड निवासी की 23 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है.
छात्रा पिछले 3 सालों से बिहटा में किराए के मकान में अकेले रहा करती थी. पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दी, जिसके बाद मृतका के परिजन औरंगाबाद से घटनास्थल पर पहुंचे हैं. इधर मकान मालिक रामअयोध्या सिंह ने बताया कि मृतक छात्रा बिहटा के एक निजी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी.
मकान मालिक ने आगे बताया कि छात्रा का काफी अच्छा स्वभाव था. शाम को मुझे फोन के जरिए जानकारी मिली कि उसका कमरा बाहर से ताला बंद है और अंदर लाइट और पंखा चल रहा है. वहीं काफी फोन करने के बाद भी उसने फोन नहीं उठाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने कमरे के ताला को तोड़ा तो अंदर छात्रा मृत अवस्था में थी. उन्हें आशंका है कि छात्रा की हत्या हुई है.
