लाइव सिटीज, पटना: नीतीश कुमार के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। 14 अप्रैल को शाम 4 बजे पटना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है। सम्राट चौधरी पहले आरजेडी और जेडीयू से जुड़े रहे और 2017 में बीजेपी में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने महज कुछ वर्षों में बिहार बीजेपी के प्रमुख नेताओं में अपनी जगह बना ली।
14 अप्रैल की सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी। इस बैठक के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, जिसके साथ मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। इसके बाद NDA विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन किया जाएगा।
आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस पूरी प्रक्रिया के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वे विधायक दल की बैठक में मौजूद रहकर नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम निर्णय को औपचारिक रूप देंगे।
