लाइव सिटीज, पूर्णिया: बिहार के विभिन्न अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी लगातार दी जा रही है. इसी कड़ी में सोमवार को पूर्णिया, किशनगंज और हाजीपुर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.
सोमवार को अचानक पूर्णिया सिविल कोर्ट उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से मिली. जानकारी मिलते ही सिविल कोर्ट में कार्य करने वाले सभी कर्मचारी कार्यालय से बाहर निकलने लगे. वहीं पुलिस के वरीय पदाधिकारी दलबल के साथ सिविल कोर्ट पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की. बम निरोधक दस्ता भी मौके पर जांच के लिए पहुंचा.
हाजीपुर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की मिली धमकी. यह धमकी भी मेल से आई. धमकी के बाद पुलिस अलर्ट हो गई. एसपी के आदेश के बाद एसडीपीओ सुबोध कुमार दल बल के साथ कोर्ट पहुंचे. कोर्ट को खाली कराया गया. नगर थाना के साथ भारी संख्या में पुलिस बुलाई गई है.
सदर हाजीपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने कहा कि न्यायालय के ईमेल पर अज्ञात ईमेल के माध्यम से कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. एहतियात के तौर पर कोर्ट में एंट्री बंद कर दी गई है और किसी को भी कोर्ट में प्रवेश की अनुमति नहीं है. वहीं पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया जा रहा है.
