लाइव सिटीज, सीवान: नगर थाना क्षेत्र के सिसवन ढाला लक्ष्मीपुर मोहल्ले के एक मकान से मंगलवार को अपराह्न पुलिस ने फंदे से लटकता एक 26 वर्षीय युवती का शव बरामद किया. युवती की पहचान वैशाली जिले के गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी स्व.अर्जुन सिंह की पुत्री सृष्टि कुमारी के रूप हुई. सृष्टि कुमारी हसनपुरा प्रखंड में प्रखंड कृषि पदाधिकारी कार्यालय में मार्च 2023 से सहायक तकनीकी प्रबंधक के पद पर पदस्थापित थी. घटना की सूचना मुहल्ले के लोगों ने नगर थाना को दी.
जिसके बाद नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार घटना स्थल पर पहुंचे. धक्का देने पर दरवाजा आसानी से खुल गया. फंदे से लटकती सृष्टि का शव जमीन से स्पर्श कर रहा था. बिस्तर पर एक सुसाइड नोट पड़ा था. जिस पर बड़े बड़े बेढंग अक्षरों में लिखा था ” मैं करना नहीं चाहती थी. हैंडल नहीं कर पाई, मम्मी माफ करना, तुझे परेशान किया. लिखावट को देखकर ऐसा नहीं लग रहा है कि किसी पढ़े लिखे व्यक्ति द्वारा लिखा गया है.
हालांकि स्थानीय कुछ लोग इसे हत्या भी मानकर चल रहे हैं. प्रखंड कृषि पदाधिकारी आदित्य प्रताप पांडेय ने बताया कि सोमवार को जब वह ऑफिस नहीं आई तो ऑफिस के ही उसके महिला मित्र से पूछा तो उसने सृष्टि को फोन किया. सृष्टि द्वारा बताया गया कि वह ट्रेन में है सीवान आ रही है.
पुलिस मामले को गहन तरीके से जांच कर रही है. इधर देर संध्या सदर अस्पताल में पहुंचे परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे. तीन भाई बहनों में मंझली थी सृष्टि- बताया जाता है कि सृष्टि के पिता की मौत बीते अगस्त महीने में हो गई थी, जो बैंक में कार्यरत थे. वहीं सृष्टि तीन भाई बहनों में मझली थी.
