लाइव सिटीज, पटना: आज रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य शोभा यात्रा और आकर्षक झांकियों के स्वागत के लिए शहर सज चुका है. पटना ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए शहर का पूरा नक्शा बदल दिया है.
आज यानी 27 मार्च 2026 को शाम 5 बजे के बाद पटना के कई मुख्य मार्ग आम वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए कई मुख्य मार्गों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा. पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके.
शाम के वक्त शोभा यात्रा का मुख्य हिस्सा शहर की सड़कों पर उतरेगा, बेली रोड और बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर की ओर जाने वाले सभी रास्तों को ब्लॉक कर दिया जाएगा. झांकी आगमन के दौरान इस पूरे स्ट्रेच पर किसी भी प्रकार के निजी या व्यावसायिक वाहन का परिचालन वर्जित रहेगा.
यदि आपको लोहिया चक्र से गांधी मैदान की ओर जाना है, तो भूलकर भी इनकम टैक्स गोलंबर वाला रास्ता न चुनें. इसके बजाय, प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग के तौर पर बोरिंग रोड और राजापुल होते हुए गंतव्य तक पहुंचने की सलाह दी है.
