लाइव सिटीज, मोकामा: मोकामा के विधायक अनंत सिंह सोमवार को जेल से बाहर आए. आज (मंगलवार) वे बड़हिया माता का दर्शन करने निकले. इस दौरान लगभग 100 गाड़ियों का काफिला निकला. इसके साथ ही अनंत सिंह मोकामा की जनता के बीच भी दिखे. इस दौरान उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत किया. इस तरह से जेल से बाहर आने के दूसरे दिन ही अनंत सिंह एक्टिव दिखे.
अनंत सिंह ने बड़हिया जाने से पहले मीडिया से बातचीत भी की. उन्होंने कहा, बड़हिया में माता का दर्शन करने और आशीर्वाद लेने जा रहे हैं. क्षेत्र में 15 दिन के बाद घूमने जायेंगे. इस दौरान अनंत सिंह ने एक बार फिर चुनाव नहीं लड़ने की बात कही. साथ ही बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, अगर बेटा मोकामा में घूमेगा और लोगों की मदद करेगा तो चुनाव लड़ेगा. इस दौरान उनके समर्थकों ने जमकर नारे लगाए.
अनंत सिंह के जेल से बाहर आने के पहले भव्य तैयारी की गई थी. पटना स्थित 1, मॉल रोड आवास को छावनी के बजाय उत्सव केंद्र में बदल दिया गया था. बाढ़ से विशेष रूप से बुलाए गए हलवाइयों की टीम ने 3 लाख रसगुल्ले और गुलाब जामुन और समोसे तैयार किए हैं. समर्थकों का हुजूम सुबह से ही जुटना शुरू हो गया था, जिनके लिए शाही पनीर, पुलाव और लिट्टी-चोखा जैसे लजीज व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी.
