लाइव सिटीज, पटना: बिहार समेत पूरे देश में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया, लेकिन पटना में इस बार तस्वीर कुछ अलग रही। गांधी मैदान में बारिश के बीच हजारों लोगों ने नमाज अदा की। करीब 20 हजार नमाजियों की मौजूदगी ने माहौल को पूरी तरह रूहानी बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने एक साथ नमाज पढ़ी।
बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा एक गैरमौजूदगी की रही।करीब 20 वर्षों में यह पहला मौका रहा जब नीतीश कुमार गांधी मैदान में ईद की नमाज में शामिल नहीं हुए। मुख्यमंत्री बनने के बाद से वह हर साल यहां पहुंचते रहे थे।
उनकी गैरमौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी। लोगों के बीच इस बदलाव को लेकर चर्चा होती रही।हालांकि सरकार या प्रशासन की ओर से कोई खास वजह सामने नहीं आई। इसने इस बार की ईद को राजनीतिक रूप से भी खास बना दिया।
