लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री को बौद्ध भंते द्वारा बुद्ध स्मृति पार्क में प्रतिस्थापित बुद्ध की प्रतिमा, बोधगया का बोधिवृक्ष, आनंद बोधि वृक्ष तथा लंका के अनुराधापूरम से लाये गए वृक्ष की पूजा अर्चना करायी गई।
मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि के सामने भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की, परिक्रमा की और ध्यान किया। उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं के साथ बैठकर विश्व शांति के लिए मंगल कामना की तथा राज्य एवं देश की सुख, समृद्धि एवं अमन चैन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने विपश्यना केंद्र जाकर वहां की सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां ध्यान भी किया। विपश्यना केंद्र के संचालकों ने विपश्यना केंद्र के निर्माण एवं वहां उपलब्ध करायी जानेवाली सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सनातन के संतान भगवान बुद्ध को विष्णु अवतार के रूप में पूजते हैं। भगवान बुद्ध ने बुद्धम शरणंम गच्छामि का मंत्र दिया। फिलहाल विश्व को शांति चाहिए। वहीं असुर प्रवृत्ति के लोगों की बेचैनी है।