HomeBiharतानाशाही की ओर बढ़ रही है मोदी सरकार : केंद्र पर भड़की जेडीयू,...

तानाशाही की ओर बढ़ रही है मोदी सरकार : केंद्र पर भड़की जेडीयू, कहा-अच्छे दिन का झांसा देकर देश से किया छल

लाइव सिटीज, पटना: शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में जनता दल (यू0) राजनैतिक सलाहकार समिति की संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में 2024 लोकसभा एवं 2025 विधानसभा चुनाव की तैयारियों निमित्त वृहद चर्चा की गई। वहीं इस बैठक में मौजूद नेताओं ने केंद्र की सरकार पर जमकर हमला बोला।

राजनैतिक सलाहकार समिति की संगठनात्मक बैठक में आगामी 24 जनवरी को पार्टी की ओर से आयोजित जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक रूप पर विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं मंच का संचालन प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि राजनीतिक सलाहकार समिति के साथियों पर पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पार्टी को मजबूती प्रदान करने एवं राजनीतिक रूप से सबल बनाने से सम्बंधित जितने भी आवश्यक विषय है वो सभी राजनीतिक सलाहकार समिति के हिस्से में आता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनता के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के फायदे को जनता के बीच जाकर बताना है।

बीते 18 वर्षों में नीतीश कुमार के शासनकाल में विकास के अनगिनत कार्य हुए हैं। जिससे आम जनता को हमें अवगत कराना है और नीतीश कुमार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि राजनीतिक सलाहकार समिति के तमाम सदस्य पार्टी के भरोसे पर खरा उतरेंगे। साथ ही उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अच्छे दिन का झांसा देकर देश की जनता को ठगने का काम किया है। आज देश में आपातकाल से भी बद्तर स्थित है। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर भाजपा से आम जनता को सचेत करना है। अपनी जिम्मेदारियां का पूरी निष्ठा से हम निर्वहन करेंगे तो निश्चित ही भाजपा मुक्त भारत का संकल्प साकार होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को पटना की वेटनरी काॅलेज ग्राउंड में कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती समारोह मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम को सफल, भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तत्परता से हमें जुट जाना है

बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार का कोई भी ऐसा वर्ग या क्षेत्र नहीं है जिसे नीतीश कुमार के विकास कार्यों से सीधा फायदा नहीं पहुंचा हो। बीते 18 वर्षों में नीतीश कुमार ने सभी वर्गों के उत्थान के साथ समावेशी विकास का उदाहरण पेश किया है। हमें नीतीश कुमार के विकास कार्यो की जानकारी बिहार के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना। विजेंद्र प्रसाद यादव ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि मोदी सरकार तानाशाही की ओर बढ़ रही है। देश की एकता और अखंडता पर प्रहार किया जा रहा है। महिलाओं का अपमान करने वाले लोग महिला वंदन की बात कर रहे हैं।

बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि हमारे नेता किसी भी पद की लालसा नहीं रखते हैं। उनका लक्ष्य मोदी सरकार के खिलाफ देश भर के तमाम विपक्षी दलों को एकजुट करना था जिसमें वह सफल हुए। उन्होंने कहा कि पटना में आयोजित विपक्षी दलों की पहली बैठक से पूरे देशभर में मोदी सरकार के खिलाफ संदेश गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक दौर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भांति ईमानदार छवि वाला नेता देश में विरले ही मिलता है और यही जनता दल (यू0) की सबसे बड़ी पूंजी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home