HomeBiharजलमीनार सफाई अभियान: सितंबर में राज्यभर की पानी की टंकियों की होगी...

जलमीनार सफाई अभियान: सितंबर में राज्यभर की पानी की टंकियों की होगी सफाई, सचिव स्तर से प्रतिदिन होगी निगरानी

लाइव सिटीज, पटना: ग्रामीण बिहार के प्रत्येक घर तक स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार द्वारा एक विशेष पहल शुरू की गई है। विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय के निर्देश पर ” जलमीनार सफाई अभियान” के तहत राज्यभर में आगामी 03 सितंबर 2026 से एक माह तक जलमीनारों एवं पानी की टंकियों की सफाई एवं निरीक्षण का विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत विभागीय अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की गई है। क्षेत्र के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता प्रतिदिन अपने सामने कम से कम एक जलापूर्ति योजना की पानी की टंकी की सफाई सुनिश्चित कराएंगे। इसके साथ ही विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर जलापूर्ति एवं स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

अभियान में पारदर्शिता और त्वरित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सफाई कार्य की तस्वीरें मौके से ही विभागीय MIS पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। इन कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग स्वयं सचिव स्तर से की जाएगी।

“जलमीनार सफाई अभियान” का उद्देश्य विभाग द्वारा स्थापित योजनाओं के जलमीनारों एवं पानी की टंकियों की सफाई के साथ-साथ जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

“टंकी साफ रहेगी, तभी नल से निकलने वाला पानी सुरक्षित रहेगा” के संकल्प के साथ लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार ‘हर घर नल का जल’ योजना के तहत लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और जलापूर्ति की ढांचागत व्यवस्था के नियमित रखरखाव के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments