HomeBiharपछुआ के प्रभाव से अभी नहीं बढ़ेगी ठंड, दो-तीन दिनों बाद बदलेगा...

पछुआ के प्रभाव से अभी नहीं बढ़ेगी ठंड, दो-तीन दिनों बाद बदलेगा मौसम

लाइव सिटीज, पटना :राजधानी समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मौसम का मिजाज बदला नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि तो कई में आंशिक गिरावट की स्थिति बनी है। बुधवार को प्रदेश के सात जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। राजधानी समेत प्रदेश के 14 जिलों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में पछुआ के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा। अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं है। औसत न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

तीन दिनों बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट के साथ ठंड में वृद्धि की संभावना है। बुधवार को कोहरे की सघनता में भी बढ़ोतरी से दृश्यता में कमी देखी गई। राजधानी व इसके आसपास इलाकों में सुबह के समय मौसम साफ रहा लेकिन शाम होते हीं कोहरा छाया रहा।

मौसम विज्ञानी की मानें तो आने वाले दिनों में कोहरे में बढ़ोतरी होगी। दिसंबर महीने में कोहरा का प्रभाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश का गया जिला 10.8 डिग्री सेल्सियस के साथ ठंडा शहर रहा। वहीं राजधानी का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के पूर्वी चंपारण, वाल्मीकि नगर, सीतामढ़ी, बेगूसराय, अररिया, सबौर, कटिहार जिले के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। वहीं राजधानी समेत प्रदेश के सीवान, सारण, रोहतास, औरंगाबाद, गया, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, शेखपुरा, जमुई, बांका, फारबिसगंज एवं पूर्णिया जिले के न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। कुल मिलाकर अभी मौसम खुशगवार बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments