लाइव सिटीज, पटना: बिहार लोक सेवा आयोग की चौथे चरण की शिक्षक बहाली के लिए BPSC TRE 4 के विज्ञापन में हो रही देरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इसकी अधिसूचना जल्द जारी करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का एक बेहद महत्वपूर्ण बयान सामने आया है.
शिक्षा मंत्री ने पटना में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा दावा किया है कि इस छात्र आंदोलन के पीछे वास्तविक अभ्यर्थियों से ज्यादा बाहरी तत्वों और स्वार्थी ताकतों का हाथ है. उन्होंने साफ तौर पर कुछ बड़े कोचिंग संचालकों और विपक्षी राजनीतिक दलों पर सीधे निशाना साधा है. शिक्षा मंत्री ने कहा कि ये लोग अपने फायदे के लिए सीधे-साधे बेरोजगार युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नियमों के तहत काम किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कोचिंग संस्थान अपनी दुकानें चमकाने और राजनीतिक दल अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदर्शन की आड़ में बाहरी लोग आकर शहर की कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बता दें कि है कि आज ही सुबह पुलिस ने आंदोलन का नेतृत्व करने आ रही छात्र नेत्री खुशबू पाठक को भी एहतियातन हिरासत में लिया है.
