HomeBiharखड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला, निर्वाचन पत्र सौंपा गया

खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला, निर्वाचन पत्र सौंपा गया

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बुधवार को औपचारिक रूप से निर्वाचन पत्र सौंपा गया और इसी के साथ उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यसमिति के सभी सदस्य, सांसद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और एआईसीसी के अन्य पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है. वहीं, पदभार संभालने से पहले खड़गे राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी.

पार्टी से जुड़े सभी वरिष्ठजनों को संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा निमंत्रण भेजा गया है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को कहा कि उन्हें भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. उन्होंने रायपुर में कहा, ‘मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे. मुझे भी इस अवसर पर उपस्थित रहने के लिए कहा गया है.

इसलिए, मैं दिल्ली जा रहा हूं.’ खड़गे ने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को पार्टी के शीर्ष पद की दौड़ में भारी अंतर से हराया, इस प्रकार वह 24 वर्षों के बाद पद संभालने वाले पहले गैर-गांधी बन गए. 17 अक्टूबर को हुए मतदान में खड़गे को अध्यक्ष पद के चुनाव में 7,897 वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी थरूर को 1,072 वोट मिले थे.

अपनी चुनावी जीत के तुरंत बाद, खड़गे ने कहा कि पार्टी ने ऐसे समय में संगठनात्मक चुनाव कराकर देश के लोकतंत्र को मजबूत करने का उदाहरण पेश किया है, जब देश में लोकतंत्र खतरे में है. अपनी जीत के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने देश के 75 साल के इतिहास में ‘लोकतंत्र को लगातार मजबूत किया है’ और संविधान की रक्षा की है.

उन्होंने कहा, ‘अब जब लोकतंत्र खतरे में है और संविधान पर हमला हो रहा है, और हर संस्था को तोड़ा जा रहा है, कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक चुनाव कराकर देश के लोकतंत्र को मजबूत करने का उदाहरण पेश किया है. मैं चुनाव से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं.’ उन्होंने थरूर को भी बधाई दी और कहा कि उन्होंने पार्टी को आगे ले जाने के तरीकों पर चर्चा की.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home