HomeBiharमनेर एनकाउंटर पर भड़के भाई वीरेंद्र, सरकार पर लगाया मुस्लिम-यादवों को निशाना...

मनेर एनकाउंटर पर भड़के भाई वीरेंद्र, सरकार पर लगाया मुस्लिम-यादवों को निशाना बनाने का आरोप

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और लगातार हो रहे एनकाउंटर को लेकर सियासत तेज हो गई है। पटना के मनेर में तीन अपराधियों के एनकाउंटर के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया है कि सम्राट चौधरी सरकार में मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि जिस तरीके से राज्य में एनकाउंटर हो रहे हैं, वह सही नहीं है और इस पूरे मामले को गंभीरता से देखने की जरूरत है।

‘मुस्लिम और यादवों को किया जा रहा टारगेट’

भाई वीरेंद्र ने अपने बयान में स्पष्ट कहा कि उन्हें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि एनकाउंटर में मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समुदायों के लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। इतना ही नहीं, जेल जाने के बाद उन्हें जमानत मिलने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से पुलिस की कार्रवाई हो रही है, उससे कई सवाल खड़े होते हैं। सरकार और प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कानून के दायरे में होनी चाहिए।

‘इस तरह सिस्टम नहीं चलता’

RJD विधायक ने एनकाउंटर की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर इसी तरीके से पुलिस कार्रवाई करेगी तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि एनकाउंटर के नाम पर किसी खास समुदाय या जाति के लोगों को निशाना बनाना उचित नहीं है।

दरअसल, पटना के मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अपराधियों के मारे जाने के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पुलिस की कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। इस मामले में मृतकों के परिजनों की ओर से भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं।

इससे पहले राजद सांसद मीसा भारती भी एनकाउंटर के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच पहुंची थीं। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home