लाइव सिटीज, पटना: बिहार में नई सरकार बनने से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. सीएम नीतीश कुमार के करीबी अफसरों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति मिली है. यानी कि नई सरकार बनने के साथ ही नीतीश के करीबी भी राज्य से केंद्र में चले जाएंगे. उनके इस्तीफे से पहले ही ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल देखने को मिला है. केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर बिहार कैडर के कई आईएएस (IAS) और आईपीएस (IPS) अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बुला लिया है. केंद्र की पहली लिस्ट में सीएम नीतीश के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं.
मुख्यमंत्री नीतीश के सचिव अनुपम कुमार ऊर्जा मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाए गए हैं.
2003 बैच के IAS अधिकारी अनुपम कुमार की गिनती नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में होती है.
वहीं उनकी पत्नी IAS प्रतिमा एस वर्मा भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रही हैं.
IAS वंदना प्रेयसी फर्टिलाइजर विभाग में ज्वॉइंट सेक्रेटरी बनाई गई हैं.
IPS राकेश राठी, IAS श्रवनन एम जैसे अधिकारी भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं.
नीतीश कुमार 14 अप्रैल को दोपहर 3 बजे पद से इस्तीफा देने वाले हैं और नए सीएम के नाम का ऐलान हो जाएगा. 15 अप्रैल को बीजेपी के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी. लेकिन नीतीश के इस्तीफा देने से पहले ही उनके करीबी अफसरों को केंद्र में भेजा जाना चर्चा का विषय बना हुआ है.
