Home Blog Page 17

पटना में भीषण सड़क हादसा, ऑटो–ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, वाहन के उड़े परखच्चे

0

लाइव सिटीज, पटना: जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बिहटा के लेखनटोला पुल के पास ऑटो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग मनेर दरगाह में उर्स देखकर ऑटो से आरा लौट रहे थे। इसी दौरान लेखनटोला पुल के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शव करीब 50 मीटर तक सड़क पर बिखर गए। मौके पर चारों तरफ खून फैला हुआ था। ऑटो सवारों के कपड़े, चप्पल और अन्य सामान सड़क पर बिखरे नजर आए। हादसे में दो मासूम बच्चों की भी मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर बिहटा थाना भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मृतकों की पहचान मो. गुड्डु (33), मो. इम्तियाज (30), मो. सहजाद (22), सफान (3) और अल्फी (2) के रूप में हुई है। सभी मृतक आरा के मुस्सेफिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर चित्रलेनपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

आज खुलेगा सीतारमण का पिटारा, बिहार में नीतीश सरकार को क्या-क्या मिलेगा?

0

लाइव सिटीज, पटना: आज बजट डे है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवां बजट पेश करेंगी। केंद्रीय आम बजट को लेकर बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल और जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने काफी उम्मीदें जताई हैं। दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार के लिए पीएम मोदी ने विकास पैकेज दिए हैं, जिससे लगातार काम चल रहा है। 

उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि कांग्रेस के शासनकाल की तुलना में पिछले 11 वर्षों में बिहार को लगभग 3.5 गुना ज्यादा केंद्रीय सहायता मिली है। वहीं, केंद्रीय बजट पेश होने से पहले बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से की गई है। जबकि, आम आदमी खाने-पीने की चीजों के दामों में कमी चाहता है।

बिहार कोटे से बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, ‘बिहार में डबल इंजन की सरकार है। प्रधानमंत्री लगातार कई बार बिहार आ चुके हैं और उन्होंने राज्य के लिए विकास परियोजनाओं की घोषणा की है। पूरे बिहार में लगातार विकास का काम चल रहा है। आज, सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में बिहार देश के टॉप राज्यों में से एक है।

तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर हमला, कहा – केस को CBI को सौंपने का निर्णय लेकर फिर…

0

लाइव सिटीज, पटना: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर हमला किया है. एक्स पर पोस्ट करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि नीट छात्रा के दुष्कर्म और हत्या का उद्भेदन करने की बजाय बिहार सरकार ने केस को सीबीआई को सौंपने का निर्णय लेकर फिर साबित कर दिया कि बिहार का प्रशासनिक ढांचा भ्रष्ट, अयोग्य, अदक्ष और अनप्रोफेशनल है जो एक बलात्कार और हत्या के केस को भी नहीं सुलझा सकता. पुलिस से अधिक यह बड़बोली एनडीए सरकार के करप्ट और कंप्रोमाइज्ड तंत्र की विफलता है जिनके कर्ता-धर्ता मंत्री-मुख्यमंत्री दिन रात आकाश-पाताल से अपराधियों को पकड़ने की डींगे हांकते हैं.

उन्होंने कहा, “नवरुणा कांड जैसे अनेक मामलों में सीबीआई 12-13 वर्षों से आरोपियों को नहीं पकड़ पाई तथा जांच भी बंद कर दी. यही इस मामले में होना है. कहां हैं चुनावों में जंगलराज-जंगलराज चिल्लाने वाले? बिहार की ध्वस्त और भ्रष्ट विधि व्यवस्था की जवाबदेही कौन लेगा? क्या फिर सरकार द्वारा हेडलाइन मैनेजमेंट के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिशें होंगी?”

उधर बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा नीट छात्रा की मौत के मामले में सीबीआई जांच के आग्रह पर आरजेडी सासंद मनोज कुमार झा ने कहा, “बिहार में आज के दिन स्थिति ठीक नहीं है. इस घटना में भी चरित्र हनन तक की कोशिश की गई. अब आप छलावरण कर रहे हैं.”

अब बुर्जुग घर बैठे करेंगे जमीन रजिस्ट्री, जानें नीतीश सरकार की नई डोरस्टेप सेवा

0

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में बुजुर्गों और असहाय लोगों के लिए जमीन रजिस्ट्री अब बोझ नहीं, सुविधा बनने जा रही है. बिहार सरकार ने जमीन रजिस्ट्री प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए घर बैठे रजिस्ट्री की सुविधा शुरू करने का फैसला किया है.1 अप्रैल से ई-निबंधन पोर्टल में बदलाव के साथ यह नई व्यवस्था लागू होगी, जिसके तहत 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग मात्र ₹400 शुल्क देकर घर से ही जमीन की रजिस्ट्री करा सकेंगे.

अब तक जमीन रजिस्ट्री के लिए लोगों को रजिस्ट्री कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे. बुजुर्ग, बीमार या चलने-फिरने में असमर्थ लोगों के लिए यह प्रक्रिया बेहद कठिन थी. कई मामलों में रजिस्ट्रार या नियुक्त कर्मियों की उपलब्धता पर प्रक्रिया निर्भर रहती थी, जिससे देरी और असुविधा होती थी.सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि उम्रदराज लोगों को जमीन रजिस्ट्री के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

यह सुविधा खासतौर पर 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए शुरू की जा रही है. इसके साथ ही ऐसे लोग जो शारीरिक रूप से असमर्थ हैं या जिनके पास देखभाल के लिए कोई परिजन नहीं हैं, उन्हें भी इस व्यवस्था से बड़ी राहत मिलेगी. आंकड़ों के मुताबिक बिहार में 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों की संख्या करीब 48 लाख से ज्यादा है, ऐसे में यह कदम लाखों परिवारों के लिए उपयोगी साबित होगा.

पटना में महिला पंख हाट का आयोजन, दिलीप जायसवाल बोले- महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

0

लाइव सिटीज, पटना: बिहार की एनडीए सरकार राज्य में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में पटना में महिला पंख हाट कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया. मौके पर मंत्री अशोक चौधरी और बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार भी मौजूद रहे.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए सरकार महिला उद्यमिता के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है. उन्होंने कहा कि महिला पंख हाट जैसे आयोजन महिलाओं को अपने बनाए उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर देते हैं. इससे महिलाएं न सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूत बनती हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ती हैं.

दिलीप जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि यह आयोजन महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार को पहचान दिलाने का मंच है. ऐसे कार्यक्रम राज्य के आर्थिक सशक्तीकरण में भी अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने बताया कि भूमिहार महिला समाज द्वारा आयोजित पंख हाट का यह पांचवां आयोजन है, जो अपने आप में एक सराहनीय पहल है. इससे यह देखने और सीखने को मिलता है कि महिलाएं कैसे स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ा रही हैं.

इस दौरान मंत्री अशोक चौधरी ने पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी के एक बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इतिहास की जो बातें एनसीईआरटी की किताबों में पढ़ाई जाती हैं, वे सरकार की ओर से तय होती हैं. अगर किसी को आपत्ति थी, तो उस समय बदलाव क्यों नहीं कराया गया. उन्होंने कहा कि छात्र वही पढ़ते हैं जो किताबों में लिखा होता है

ज्योति सिंह बोलीं- बेटी की शादी उससे करो, जिसमें फैसला लेने की काबिलियत हो

0

लाइव सिटीज, पटना: भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में पवन सिंह एक पार्टी में एक मिस्ट्री गर्ल के साथ नजर आए, जिसके बाद उनकी तीसरी शादी की चर्चाएं तेज़ हो गईं। सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो वायरल होते ही फैंस के बीच तरह–तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।

इसी बीच पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह का एक भावुक पोस्ट सामने आया है, जिसने इस चर्चा को और हवा दे दी है। ज्योति सिंह ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक गहरी बात लिखी। उन्होंने लिखा, “अपनी बेटी की शादी उस शख्स से करना, जिसमें फैसले लेने की काबिलियत हो। वरना अक्सर मां के लाडले बेटे घर नहीं बसा पाते और इल्जाम लड़की पर लगाते हैं।” इस पोस्ट को लोग पवन सिंह की निजी जिंदगी से जोड़कर देख रहे हैं

इतना ही नहीं, ज्योति सिंह ने एक और स्टोरी शेयर की, जिसमें लिखा था, “शादी करो या तलाक दो, दोनों ही मामलों में औरत ही अपना घर खोती है। एक आदमी कभी बेघर नहीं होता।” इस भावुक संदेश ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है और कई लोग ज्योति सिंह के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पवन सिंह का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह एक कार्यक्रम के दौरान एक्ट्रेस महिमा सिंह से मंच पर कहते नजर आए, “तुम तो मेरी जान हो।” वीडियो में पवन सिंह बार-बार महिमा सिंह को स्टेज पर बुलाते हुए कहते हैं, “आओ मेरी जान, इधर आओ।”

मुख्यमंत्री सीएम नीतीश ने बापू टावर पर आधारित विशेष आवरण का किया लोकार्पण, जानें क्या कहा

0

लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में डाक विभाग के सहयोग से महात्मा गाँधी के शहादत दिवस के अवसर पर बापू टावर पर आधारित विशेष आवरण का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने गाँधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर, 2024 को बापू टावर का उद्घाटन किया था। बापू टावर बहुत अच्छा बना है जो राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के जीवन एवं विचारों को समर्पित एक आधुनिक स्मारक है। यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इस संग्रहालय में आकर महात्मा गाँधी के जीवन प्रसंगों, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका तथा सत्य, अहिंसा और सामाजिक न्याय के मूल्यों को और अच्छे ढंग से जानते-समझते हैं।

ज्ञातव्य है कि बापू टावर की परिकल्पना वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के द्वारा चम्पारण शताब्दी समारोह के अवसर पर की गयी थी। वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री द्वारा बापू टावर का शिलान्यास किया गया और 02 अक्टूबर, 2024 को उद्घाटन किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के शहादत दिवस के अवसर पर डाक विभाग (पटना जी०पी०ओ०) के सहयोग से बापू टावर, पटना स्मारक को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित-प्रसारित करने के उद्देश्य से आज विशेष आवरण का लोकार्पण मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया है।

इस विशेष आवरण के जरिए देशभर में पत्राचार के माध्यम से बापू टावर के महत्व को प्रचारित-प्रसारित किया जा सकेगा। आम दर्शकों के लिए यह विशेष आवरण विशेष शुल्क पर बापू टावर और डाक विभाग से प्राप्त किया जायेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं पटना डाकघर के अधिकारी उपस्थित थे।

पटना NEET छात्रा कांड: अब CBI करेगी जांच, गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने की पुष्टि

0

लाइव सिटीज, पटना: पटना में हुए चर्चित नीट छात्रा कांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने की है। लंबे समय से पटना पुलिस पर इस मामले में लापरवाही और लीपापोती के आरोप लग रहे थे, जिसके बाद सरकार ने यह अहम कदम उठाया है।

सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि – बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने भारत सरकार से पटना में हुए NEET छात्रा की हत्या के मामले (कांड संख्या- 14/26) को CBI से जांच का आग्रह किया है। घटना का पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से उद्भेदन निश्चित किया जाए।

बताया जा रहा है कि सीबीआई जल्द ही मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, साक्ष्य और पुलिस की अब तक की जांच रिपोर्ट अपने कब्जे में लेगी। इसके बाद नए सिरे से जांच की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें गवाहों के बयान दोबारा दर्ज करना, तकनीकी साक्ष्यों की जांच और आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल शामिल होगी

राज्यपाल के कंधे पर हाथ रखकर चलने लगे नीतीश, मुख्यमंत्री ने कुर्सी पर बैठने का किया इशारा

0

लाइव सिटीज, पटना: महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को पटना स्थित गांधी घाट में एक भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उन्हें सलामी दी गई। सलामी के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हाथ जोड़कर गंभीर मुद्रा में खड़े नजर आए, जो उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा को दर्शाता है।

सलामी से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के साथ-साथ गांधी घाट की ओर जाते दिखाई दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पहले राज्यपाल को नमस्कार किया और फिर स्नेहपूर्वक उनके कंधे पर हाथ रख दिया। इसके बाद दोनों साथ-साथ चलते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। मंच पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इशारों में राज्यपाल को कुर्सी ऑफर की। राज्यपाल ने भी नमस्कार कर मुख्यमंत्री का अभिवादन स्वीकार किया और फिर अपनी सीट पर बैठ गए।

इस राजकीय समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से श्रद्धा और सम्मान से भरा रहा।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने महात्मा गांधी के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के सिद्धांतों और विचारधारा पर चलते हुए देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि “सबका साथ, सबका विकास” का मंत्र गांधी जी के विचारों से प्रेरित है।

बिहार में 2 इंच जमीन के लिए तीन लोगों को गोलियों से भूना, दो की मौत

0

लाइव सिटीज, पटना: पटना में जमीन विवाद में महिला समेत तीन लोगों को गोली मारी गयी, जिसमें दो की मौत हो गयी. घटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव की है. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय राजवंती देवी. 55 वर्षीय देवसागर सिंह शामिल है. घायल 25 वर्षीय राजन प्रसाद का PMCH में इलाज चल रहा है.

मृतकों के परिजन जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक से दो इंच जमीन का विवाद है. शुक्रवार को चाचा राजकुमार यादव के साथ मेरे पिता श्रवण प्रसाद व अन्य लोग बात कर रहे थे, इसी दौरान चचेरा भाई शिव कुमार अचानक आया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इसमें तीन लोगों को गोली लग गयी.

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं पर जांच कर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट चुकी है. घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल कायम है. जिस वजह से गांव में पुलिस कैम्प कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन में जुट गए हैं. आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए कार्रवाई की बात कही है.