HomeBiharबिहार की 4 सीटों पर मतदान शुरू, बूथों पर दिखी लंबी कतार

बिहार की 4 सीटों पर मतदान शुरू, बूथों पर दिखी लंबी कतार

लाइव सिटीज, पटना: बिहार की चार विधानसभा सीटों तरारी (भोजपुर), रामगढ़ (कैमूर) और गया जिले की इमामगंज एवं बेलागंज में उपचुनाव को लेकर बुधवार को मतदान हो रहा है. सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार दिख रही है. तरारी, बेलागंज, इमामगंज एवं रामगढ़ के 12 लाख 2063 मतदाता 38 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं. चार सीटों पर 1757 ईवीएम का उपयोग हो रहा है. 1868 वीवीपैट इस्तेमाल किए जा रहे हैं.

तरारी में 10, बेलागंज में 14, रामगढ़ में पांच और इमामगंज में 9 प्रत्याशी मैदान में हैं. इन सीटों पर उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग तथा पुलिस महकमे ने मुकम्मल तैयारी की है. दस हजार से अधिक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. इसमें साढ़े 7 हजार से अधिक बिहार पुलिस और 2 हजार से अधिक होमगार्ड के जवान शामिल हैं. इन सभी सीटों पर इस बार केंद्रीय बलों की तैनाती नहीं की गई है.

गया जिले के बेलागंज और इमामगंज विधानसभा में मतदान शुरू हो गया है. अहले सुबह से ही कतारबद्ध होकर खड़े मतदाता अब अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं. शांतिपूर्ण मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. सभी बूथों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. वहीं संवेदनशील बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्सेस को तैनात किया गया है. सीआरपीएफ, कोबरा, एसएसबी के जवानों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है. वहीं जगह-जगह पुलिस के द्वारा पेट्रोलिंग भी की जा रही है. 

गया जिले के बेलागंज विधानसभा उपचुनाव में वोटरों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह से ही वोटर कतारबद्ध होकर मतदान कर रहे हैं. पुरुषों के साथ महिलाएं भी अपने मत का प्रयोग कर रही हैं. बेलागंज विधानसभा के उच्च माध्यमिक विद्यालय सिलोंजा में बूथ संख्या 106 है. जहां पर मतदाता अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं. कहीं कोई परेशानी ना हो, इसे लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home