लाइव सिटीज, पटना: बिहार में धीरे-धीरे झमाझम बारिश का दौर शुरू हो रहा है. इस बीच राज्य के तीन पीपा पुलों पर गाड़ियों की आवाजाही बंद होने वाली है. 15 जून की आधी रात से ही तीनों पीपा पुलों पर गाड़ियों को एंट्री नहीं मिलेगी. गंगा नदी के जलस्तर को बढ़ता देख, यह फैसला लिया गया है. इसे लेकर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल पटना-1 की ओर से सूचना जारी की गई है.
जिन तीन पीपा पुलों पर गाड़ियां नहीं चलेंगी, उनमें कच्ची दरगाह-रूस्तमपुर पीपा पुल (पटना और वैशाली के बीच), ग्यासपुर-कालादियारा पीपा पुल और दानापुर-पानापुर पीपा पुल है, जो कि पटना और सारण जिले को जोड़ता है, इन तीनों पुलों पर 15 जून से गाड़ियां नहीं चलेंगी. ये तीनों पुल पटना, सारण और वैशाली के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
जानकारी के मुताबिक, इन तीनों पीपा पुलों को 15 जून की आधी रात से ही खोलना शुरू कर दिया जाएगा. गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए और किसी भी तरह की घटना ना हो, इसकी वजह से जल्द ही यह कार्रवाई शुरू की जाएगी.
