लाइव सिटीज, खगड़िया: खगड़िया-गौछारी NH-31 पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक गिट्टी लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया. हादसा इतना भयावह था कि ऑटो में सवार लोग ट्रक के नीचे दब गए और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई
मृतकों में CISF जवान बिपिन चौरसिया, उनकी पत्नी दीपमाला चौरसिया और ऑटो चालक टांकेश मुनि शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, बिपिन चौरसिया छुट्टी पर घर आए हुए थे और गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अपनी पत्नी के साथ ड्यूटी पर लौटने के लिए स्टेशन जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया.
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. लोगों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला.यह दर्दनाक घटना महेशखुट थाना क्षेत्र के गौछारी स्थित NH-31 पर हुई. हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.
