लाइव सिटीज, पटना: बिहार से गुजर रही ट्रफ लाइन और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण के कारण राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई है. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं के प्रवेश से मौसम में काफी बदलाव देखा जा रहा है. मौसम विभाग ने बिहार के अधिकांश हिस्सों में आंधी, वर्षा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, तीन मई तक राज्य के विभिन्न जिलों में आंधी-पानी के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से खुले में काम करने वाले लोगों, किसानों और पशुपालकों को वज्रपात से बचाव के उपाय अपनाने की हिदायत दी गई है.
बीते कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से अब राहत मिलने के आसार हैं. मंगलवार से मौसम में बदलाव शुरू हुआ और बुधवार को पटना सहित कई इलाकों में बादलों की वजह से मौसम सुहावना बना रहा. दिन चढ़ने के साथ धूप निकली, लेकिन बादल छाए रहने से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई.
