लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है.विधानसभा की कार्यवाही 11:00 से शुरू होगी. प्रश्न काल में आज भी कई विभागों के प्रश्न सदस्यों की ओर से पूछे जाएंगे, जिसका संबंधित विभाग के मंत्री जवाब देंगे. 1 घंटे के प्रश्नकाल के बाद शिक्षा विभाग और सहकारिता विभाग से संबंधित दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण का भी सरकार की तरफ से विस्तृत उत्तर होगा. शून्य काल में सदस्य अपने क्षेत्र की समस्याओं और महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएंगे.
वहीं ,नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज विपक्ष का हंगामा हो सकता है. वहीं सरकार की ओर से आज कैग रिपोर्ट भी सदन में पेश की जाएगी. सरकार विनियोग विधेयक 2026 भी चर्चा के बाद पास करायेगी.
5 दिनों के छोटे से मानसून सत्र में नीट पेपर लीक मामले पर छात्रों के आंदोलन का मामला गरमाया हुआ है. हालांकि कम संख्या बल और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बिना विपक्ष नेता विहीन है. सरकार आसानी से सारे बिल बिना किसी संशोधन के पास करा रही है. विपक्ष से अधिक सरकार के लिए सत्ता पक्ष के विधायकों की तरफ से उठ रहे सवाल ही परेशानी पैदा कर रहा है. ऐसे आज भी विपक्ष की तरफ से छात्रों का मुद्दा उठ सकता है.
वहीं उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव आज CAG से प्राप्त बिहार सरकार का मार्च 2024 को समाप्त हुए, वर्ष 2023-24 के निष्पादन एवं अनुपालन लेखा परीक्षा, वर्ष 2017-18 से 2022-23 के निष्पादन लेखा परीक्षा सिविल तथा वर्ष 2024-25 के राज्य के वित्त प्रतिवेदन को सदन पटल पर रखेंगे.
