लाइव सिटीज, पटना: पटना में बुधवार को छात्रों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया. सुबह 10 बजे छात्रों की भीड़ राजभवन मार्च के लिए निकली. इसके बाद जमकर बवाल हुआ. पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई. इस दौरान छात्रों के साथ-साथ कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए. ऐसे में आज भी छात्रों का प्रदर्शन जारी रहने वाला है. छात्र संगठन AISA आज से गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे
बुधवार को हुए प्रदर्शन को लेकर आधी रात तक कार्रवाई हुई. पटना यूनिवर्सिटी (PU) छात्र संघ के अध्यक्ष सुशांत शेखर को पुलिस हिरासत में लिया गया है. जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई देर रात 2 बजे के आस-पास हुई है. आज भी छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट मोड में है. पटना में हुए बवाल के बाद पूरे बिहार में चौकसी बढ़ा दी गई है.
नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग पर छात्र अड़े हुए हैं. बुधवार को छात्रों का प्रदर्शन गांधी मैदान से शुरू हुआ. यहां जेपी गोलंबर के पास छात्रों को बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की गई. लेकिन छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गई. इसके बाद छात्रों का उग्र प्रदर्शन देख पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया.
