लाइव सिटीज, भागलपुर: भागलपुर जिला के नवगछिया के खैरपुर कदवा इलाके में दर्दनाक घटना घटी. यहां सेप्टिक टैंक की सेटरिंग खोलने के दौरान दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बमबम मंडल, जैनेन्द्र मंडल और शिरी मंडल के रूप में की गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर सेटरिंग खोलने का काम कर रहे थे. इसी दौरान टैंक के अंदर जहरीली गैस का रिसाव हो गया और ऑक्सीजन की कमी होने लगी, जिससे एक-एक कर तीनों मजदूर बेहोश हो गए. बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को टैंक से बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक उनकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन डॉक्टर की मदद मिलने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया.
