लाइव सिटीज, सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोचिंग से घर लौटने के बाद तीन छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई. तीनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अलग-अलग निजी क्लीनिक और अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान दो किशोरियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी छात्रा की हालत गंभीर है.
बाजपट्टी पीएचसी के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने छात्राओं के किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. मृत छात्राओं की पहचान बाजितपुर गांव निवासी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, बाजितपुर गांव की तीन किशोरियां शुक्रवार को रोज की तरह कोचिंग पढ़ने के लिए गई थी. कोचिंग से वापस घर लौटने के बाद अचानक तीनों की तबीयत खराब होने लगी. परिजनों ने बताया कि छात्राओं को अचानक कमजोरी और बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई. देखते ही देखते तीनों बेहोश हो गईं.
परिजनों के अनुसार 15 वर्षीय किशोरी को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं 16 वर्षीय दूसरी किशोरी को परिजन बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को वापस लेकर गांव पहुंचे.
इधर, घटना में बीमार हुई तीसरी छात्रा का इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने भी मामले की जानकारी ली है. पुलिस छात्राओं के अचानक बीमार पड़ने और दो की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
