लाइव सिटीज, पटना: डाकबंगला चौराहे से रुकनपुरा तक आवागमन को सुगम और जाममुक्त बनाने की दिशा में काम तेज हो गया है। पथ निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत तकनीकी बिड के बाद वित्तीय बिड भी खोल दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही निर्माण कार्य के लिए मदर इंडिया एजेंसी का चयन कर लिया गया है। अब विभागीय प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद एजेंसी निर्माण कार्य शुरू करेगी।
विभाग के अनुसार, चयनित एजेंसी 29 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सड़क चौड़ीकरण का काम करेगी। परियोजना को पूरा करने के लिए नौ महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। छठ महापर्व के तुरंत बाद सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे आने वाले दिनों में लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, सड़क चौड़ीकरण के लिए बिजली के खंभों को शिफ्ट करने और पेड़ों को हटाने का काम भी किया जाएगा। इन कार्यों के लिए अलग से राशि निर्धारित की जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण के मार्ग में कुछ संस्थानों और विभागों की जमीन आ रही है। परियोजना के तहत गोल्फ क्लब, मौर्यलोक परिसर और कोतवाली थाने की चहारदीवारी हटाई जाएगी। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए इन परिसरों से लगभग दो से तीन मीटर तक जमीन ली जाएगी।
पथ निर्माण विभाग की ओर से संबंधित विभागों और संस्थानों को अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी करने के लिए औपचारिक पत्र भेजा जा चुका है। हालांकि, अब तक किसी भी संस्थान की ओर से आधिकारिक जवाब या एनओसी नहीं मिला है। इसके अलावा सड़क किनारे स्थित पेड़ों की कटाई के लिए भी वन विभाग से एनओसी नहीं मिला है। वन विभाग की अनुमति मिलने के बाद ही पेड़ों की कटाई और छंटाई की जाएगी।
