लाइव सिटीज, पटना: पटना के बिहटा स्थित आईआईटी परिसर में शनिवार को एक युवक की मौत हो गयी. संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक युवक की पहचान हर्षित पटनायक के रूप में हुई है, जो तेलंगाना का रहने वाला है. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन की टीम और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह आईआईटी परिसर में बॉयज हॉस्टल के बगल के मैदान में लोगों ने एक युवक का शव देखा. इसके बाद स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई. स्थानीय प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, मौत कैसे हुई है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
लोगों ने बताया कि कल शाम को बारिश हुई और तेज हवा चली थी, जिसके कारण परिसर में कई जगहों पर पानी भरा हुआ है और बिजली के तार भी गिरे हुए हैं. संभावना जताई जा रही है कि युवक सुबह अपने हॉस्टल से टहलने या खेलने निकला था और उसी दौरान यह हादसा हुआ. हालांकि, अभी तक आईआईटी प्रशासन के किसी अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
इधर घटना की पुष्टि करते हुए पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आईआईटी प्रशासन के द्वारा जानकारी मिली कि परिसर में एक युवक का शव मिला है. जिसके बाद पुलिस की टीम और FSL टीम मौके पर पहुंची है. युवक की मौत कैसे हुई है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
