लाइव सिटीज, पटना: आरजेडी कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सम्राट मंत्रिमंडल को लेकर एनडीए पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जो लोग मंत्री बनाए गए हैं, उनमें आधे तो परिवारवादी लोग हैं. पीएम मोदी और नीतीश कुमार हमलोगों पर परिवारवाद का आरोप लगा रहे थे लेकिन अब किस-किस को शहजादा और युवराज कहकर बुलाएंगे?
तेजस्वी यादव ने पूछा कि अब परिवारवाद वाला सिद्धांत कहां गया? निशांत और दीपक प्रकाश का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि अब बिना चुनाव लड़े या किसी सदन के सदस्य बने भी नेता के पुत्र सीधे मंत्री बन जा रहे हैं. आरजेडी नेता ने कहा कि असल में एनडीए के नेताओं को बिहार के लोगों और बिहार के विकास की चिंता नहीं, बल्कि अपने परिवार को आगे बढ़ाने की चिंता है.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा आज भी नौकरी मांग रहे छात्रों पर पटना में लाठी चलाई गई है. सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है. सच तो ये है कि इस सरकार के पास विकास का विजन ही नहीं है. बिजली बिल माफ करने का ऐलान करने के बावजूद बिजली दर बढ़ा दिया गया. खजाना खाली है और कोई काम नहीं हो रहा है. उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस सरकार से परेशान और नाउम्मीद हो चुकी है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि परिवारवाद-परिवार वाद की रट लगाने वाले लोग अब क्या कहेंगे? भाजपा पूरी तरह से परिवारवाद की राजनीति ही कर रही है जो कि आम जनता भी देख रही है. ऐसे-ऐसे शहजादे मंत्री बन गए हैं, जो न तो चुनाव जीते हैं और ही किसी सदन के सदस्य हैं
