लाइव सिटीज, पटना: पटना में पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुए गोलीकांड के बाद सियासत तेज हो गई. देर रात नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मेदांता अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने इलाजरत अनिल यादव के परिजनों से मुलाकात की और उनका हाल जाना. तेजस्वी ने डॉक्टरों से भी अनिल यादव के इलाज की जानकारी ली.
आपको बता दें कि अनिल यादव को बुधवार शाम बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में गोली मारी गई थी. उन्हें कई गोलियां लगी थीं. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर बिहार सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार को कानून-व्यवस्था की कोई चिंता नहीं है. तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए मामलों को जातीय रंग देने में जुटे हैं. उन्होंने सरकार से अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि पटना नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर उनके अपार्टमेंट में घुसकर गोलीबारी की गई. तेजस्वी ने दावा किया कि अनिल यादव को पांच गोलियां लगी हैं. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करने और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी लेने की बात कही.
