लाइव सिटीज, बांका: बिहार के बांका जिले के सरकारी स्कूलों में देर से आने और समय से पहले जाने वाले शिक्षकों पर अब शिक्षा विभाग ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है. जून महीने का वेतन केवल ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाएगा. विभाग के नए निर्देश के मुताबिक यदि कोई शिक्षक तीन दिन विद्यालय देर से पहुंचता है या निर्धारित समय से पहले चला जाता है तो उसके एक दिन के वेतन की कटौती की जाएगी.
इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) संजय कुमार यादव ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) और चिह्नित मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को 24 घंटे के अंदर शिक्षकों की उपस्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. साथ ही बीईओ को अपने क्षेत्र के सभी शिक्षकों की ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज हाजिरी का सत्यापन कर प्रमाण पत्र जमा करने को कहा गया है. इसके बाद ही जून माह के वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी.
विभागीय आदेश के अनुसार अब शिक्षकों को प्रतिदिन विद्यालय पहुंचने और छुट्टी के समय ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर ‘इन’ और ‘आउट’ दोनों हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य होगा. यदि किसी दिन शिक्षक पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज नहीं करते हैं तो उन्हें उस दिन अनुपस्थित मानते हुए वेतन काटा जाएगा। यह व्यवस्था शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है.
