लाइव सिटीज, पटना: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम लोगों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि साइबर ठग, दलाल और असामाजिक तत्व फर्जी प्रश्नपत्र, उत्तरपत्र और परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर ठगी का जाल बिछा सकते हैं। ऐसे गिरोह सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर छात्रों को निशाना बनाने की फिराक में हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित होने वाली इस पुनर्परीक्षा से पहले आर्थिक अपराध इकाई ने साफ कहा है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, टेलीग्राम और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर फर्जी दावे, पेपर लीक की अफवाहें और भ्रामक संदेश फैलाए जा सकते हैं। ऐसे में छात्र किसी भी लालच या झांसे में न आएं।
ईओयू ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति फोन, ई-मेल, सोशल मीडिया या मैसेज के माध्यम से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, उत्तर बताने या परीक्षा में पास कराने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो उसे तुरंत संदिग्ध मानें और इसकी सूचना पुलिस को दें। ऐसे मामलों में एक छोटी सी लापरवाही छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ कर सकती है।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि सोशल मीडिया पर किसी कथित प्रश्नपत्र या उत्तरपत्र के वायरल होने की सूचना मिले, तो उसे आगे फॉरवर्ड न करें। संबंधित पोस्ट और यूआरएल की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं ताकि उसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।
