लाइव सिटीज, पटना: बिहार में धीरे-धीरे ठंड में बढ़ोतरी हो रही है. फिलहाल सुबह और शाम के वक्त ज्यादा ठंड महसूस हो रही है. लेकिन दोपहर तक धूप निकलने की वजह से मौसम सामान्य हो जा रहा है. मौसम विभाग की ओर से बिहार का न्यूनतम तापमान फिलहाल 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बने रहने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग की माने तो, आज राज्य में सुबह और शाम के वक्त थोड़ी ज्यादा ठंड महसूस हो सकती है. कोहरे का असर भी देखा जा सकता है. रात के तापमान में कुछ ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं जताई गई है. बारिश को लेकर भी किसी भी जिले में चेतावनी जारी नहीं की गई है. उत्तर बिहार के ज्यादातर जिलों जैसे कि पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया समेत अन्य जिलों में कोहरे का असर देखा जा सकता है. लेकिन दोपहर के वक्त धूप खिलने से मौसम सामान्य होने की संभावना है.
मौसम विभाग की माने तो, अगले कुछ दिनों में बिहार में साइक्लोन का असर भी देखने के लिए मिल सकता है. मौसम वैज्ञानिकों की माने तो, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘अकवान’ धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ रहा है. अगले कुछ दिनों में यह तूफान मजबूत हो सकता है. इसके असर से राज्य के 13 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. 21 नवंबर को इन 13 जिलों में मौसम बिगड़ सकता है.
