लाइव सिटीज, नालंदा: बिहारशरीफ जंक्शन के पास अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात बदमाशों ने मेला देखने जा रहे एक युवक को गोली मार दी। घटना रेलवे गुमटी के समीप हुई, जहां घायल युवक काफी देर तक मदद की गुहार लगाता रहा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक ने इंसानियत दिखाते हुए उसकी मदद की और पुलिस तक सूचना पहुंचाई। घायल की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के आशानगर निवासी जितेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस लूटपाट, आपसी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र कुमार सोमवार की देर शाम अपने घर आशानगर से अकेले मेला देखने के लिए निकला था। इसी दौरान बिहारशरीफ रेलवे गुमटी के पास तीन अज्ञात युवक उसके सामने आ गए।
घायल के मुताबिक, आरोपियों ने उसके पास मौजूद रुपये और गले में पहना लॉकेट छीनने की कोशिश की। जितेन्द्र ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी।वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे गुमटी के आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
