लाइव सिटीज, पटना: जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया. यहां उन्हें आईसीयू में एडमिट कराया गया है. नीरज कुमार पटना स्नातक सीट से जेडीयू के एमएलसी कैंडिडेट हैं. बताया जा रहा है कि हार्ट से जुड़ी परेशानी होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के मुताबिक, नीरज कुमार पहले से ही हार्ट के मरीज रहे हैं. ऐसे में उन्हें अचानक हार्ट से ही जुड़ी परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया. यहां नीरज कुमार फिलहाल डॉक्टर्स की देखरेख में हैं. नीरज कुमार के हेल्थ पर डॉक्टर की टीम लगातार नजर रख रही है.
नीरज कुमार की तबीयत ऐसे समय में खराब हुई है जब वे एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी हैं. इसके साथ ही चुनाव में उन्हें अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह से सामना करना पड़ रहा है. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं और समर्थन मांग रहे हैं.
